थाना देहली गेट क्षेत्र में एक शराबी युवक की स्थानीय लोगों ने चोर समझकर पिटाई कर दी। पिटाई से वह घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां अभी उसका उपचार जारी है।
शब्बीर निवासी ढोलक वाली गली थाना देहली गेट मंगलवार को शराब पीकर मोहल्ले के पास ही एक मकान के बाहर बने चबूतरे पर नशे में सो गया। रात में सन्नाटा होने पर वह डर के कारण शराब के नशे में तेज आवाज में चिल्लाने लगा। शोर शराबा सुनकर मोहल्ले के लोगों की आंख खुल गई। उन्होंने युवक को अंधेरे में देखा तो चोर समझकर उसकी पिटाई लगा दी। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराया। पुलिस पूछताछ में उसने खुद को मोहल्ले का ही रहने वाला बताया। बाद में उसकी शिनाख्त हो गई। शिनाख्त के बाद युवक को घायल हालत में जिला अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया।