गोंडा थाना क्षेत्र के एक गांव में जबरन खेत पर कब्जा करने व विरोध पर पिटाई करने की रिपोर्ट गोंडा थाने में दर्ज हुई है। आरोप है कि मौके पर गोलियां भी चलाईं गईं, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गया। आरोपियों ने उसकी नाबालिग भांजी के साथ छेड़खानी भी की।
गांव निवासी पीड़ित ने बताया कि गांव में उसकी जमीन को लेकर अदालत में मामला विचाराधीन है, दूसरे पक्ष ने धोखाधड़ी से उसके खेत का बैनामा कर दिया। 11 जून सुबह करीब साढ़े दस बजे हरेन्द्र सिंह, उसकी पत्नी जगवीरी, उसका बेटा अरुण और लोकेंद्र, विकास, गीता, गुंजन, बहोरन, रामकुमार, प्रवीन, रवेंद्र, जगवीर, सुरेश, हरेन्द्र निवासीगण चांदपुर, थाना नौहझील मथुरा अन्य दस अज्ञात लोग तमंचा, लाठी, डंडा लेकर खेत पर पहुंच गए। कब्जे की नीयत से ट्रैक्टर से जुताई कराने लगे।
उसी वक्त उसकी मां ओमवती, बहन मीना देवी पहुंच गए तथा उन्हें रोकना चाहा। इस पर आरोपियों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर नाबालिग भांजी उन्हें बचाने पहुंची तो उससे आरोपियों ने छेड़खानी करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। जब पीड़ित पहुंचा तो आरोपी रामकुमार, हरेन्द्र, प्रवीन ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जिसमें वह बाल बाल बच गया। जगवीर ने मां के सिर में फरसा मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया। घटना में पीड़ित पक्ष के गंभीर चोटें आ गईं। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। मामले में थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।