घायल जयवीर उर्फ मोटे का होता उपचार। संवाद
- फोटो : Samvad
कस्बा में थाने के सामने रहने वाले दो पड़ोसियों के बीच बृहस्पतिवार की सुबह खेत की गूल साफ करने को लेकर विवाद हो गया। इसके चलते एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के दो भाइयों पर लाठी डंडा व फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे दोनों भाई घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कस्बा अकराबाद निवासी जीतपाल पुत्र कल्लू सिंह ने कहा है कि बृहस्पतिवार की सुबह उनका छोटा भाई जयवीर सिंह अपने खेत में पानी ले जाने के लिए गूल की साफ सफाई कर रहा था।
इस दौरान पड़ोस में रहने वाला शीलेंद्र पुत्र नेमसिह वहां पहुंच गया। गाली-गलौज करते हुए उसे पीटा। आरोपी का छोटा भाई मुकेश व उसके माता पिता एवं मुकेश की पत्नी खेत पर पहुंच गए। जहां सभी आरोपियों ने उसके भाई को पीटा। बीच बचाव करने पर उसे भी पीटा। थाना प्रभारी ऋषीपाल कसाना ने बताया है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच नामजद शीलेंद्र, मुकेश, पूनम देवी, नेमसिंह, सत्यवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो आरोपी शीलेंद्र व मुकेश को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा गया है।