दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के प्रतिष्ठापूर्ण वार्षिक चुनाव का परिणाम रविवार देर रात जारी हो गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर गणेश शर्मा और महासचिव पद पर कुलदीप आदित्य गुप्ता ने जीत हासिल की है। गणेश शर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र प्रसाद वर्मा को शिकस्त दी। गणेश शर्मा को 1002 और राजेंद्र शर्मा को 673 मत हासिल हुए। विजेताओं की घोषणा होते ही उनके खेेमे ने खूब जश्न मनाया। वहीं, शिकस्त पाने वाले प्रत्याशियों ने भी विजेताओं को बंधाई दी। कुल आठ पदों पर हुए चुनाव में महासचिव पद पर कुलदीप आदित्य गुप्ता ने 654 मत हासिल कर देवेंद्र सिंह जादौन और हरेंद्र सिंह को शिकस्त दी। इधर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद विनय कुमार शर्मा, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष पद प्रवीण कुमार राघव, संयुक्त सचिव प्रशासन पद भूपेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव प्रकाशन पद जगदीश प्रसाद बघेल, संयुक्त सचिव पुस्तकालय पद उमेश शर्मा के नाम रहा।
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव कार्यक्रम के तहत शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में शांतिपूर्वक मतदान के बाद रविवार सुबह नौ बजे के बाद मतों की गणना कलक्ट्रेट सभागार में ही चुनाव अधिकारी विनोद कुमार शर्मा की देखरेख में हुई। पुलिस अभिरक्षा में मतदान पेटिकाओं को खोला गया। इसके बाद 34 राउंड में मतों की गिनती हुई। दिन भर उथल पुथल का माहौल रहा। जैसे-जैसे पेटिकाएं खुलीं प्रत्याशियों की धड़कने तेज होती गईं। रात को विजेताओं की घोषणा होते ही वह अपने समर्थकों के खुशी से झूम उठे। माला पहनाकर और विजयी जुलूस निकालकर विजेताओं की बंधाई दी गई।
इधर, अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद गणेश शर्मा सबसे पहले अपने बड़े भाई व सिविल बार के पूर्व अध्यक्ष शुभेंद्र पाठक एडवोकेट के घर आशीर्वाद लेने पहुंचे। बता दें कि इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले दो फीसदी मतदान कम हुआ था। वर्ष 2018 में 1792 वोटर थे, जिनमें 1639 ने मतदान किया था। इस साल 111 वोटर बढ़ने के बाद भी कुल संख्या 1903 हो गई। इसमें से 1688 ने मतदान किया। इस दौरान यूपी बार काउंसिल के पूर्व चेयरमैन सुरेंद्र मोहन यादव, निवर्तमान अध्यक्ष कैलाश बाबू गुप्ता, सचिव अनूप कौशिक, वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज शर्मा, योगेश सारस्वत, दीपक बंसल, प्रवीन नाथ शर्मा, आशीष मोहन यादव, नरेंद्र देव वशिष्ठ, भुवनेश वशिष्ठ, श्रीकांत शर्मा, ठा.पीके सिंह, जगदीश सारस्वत, कालीचरण शर्मा, चंद्रमणि कौशिक, बिट्टू पाठक, रूपेश पाठक, पुरु पाठक, हरिओम वार्ष्णेय, ठा.ब्रजेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह आदि ने बधाई दी।
किसको कितने मत
पद विजेता मत दूसरे स्थान पर रहे मत
अध्यक्ष गणेश शर्मा 1002 राजेंद्र प्रसाद वर्मा 673
वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनय कुमार शर्मा 917 राकेश वार्ष्णेय 433
कनिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र्र सिंह 638 मुकेश चौधरी 505
महासचिव कुलदीप आदित्य गुप्ता 654 देवेंद्र सिंह जादौन 545
कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार राघव 1112 अनीस खान 478
संयुक्त सचिव प्रशासन भूपेंद्र सिंह 1130 वीनू गुप्ता 526
संयुक्त सचिव प्रकाशन जगदीश प्रसाद बघेल 574 राजीव शर्मा 546
संयुक्त सचिव पुस्तकालय उमेश कुमार शर्मा 873 बृजेश शर्मा 805
पल पल की लेते रहे अपडेट, परिणाम जारी होने तक लगी रही भीड़
मतदान के बाद मतगणना को लेकर भी अधिवक्ताओं मेें खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह नौ बजे से भीड़ का जुटना शुरू हुआ। हर कोई अपने-अपने प्रत्याशी के संबंध में जानकारी लेता रहा। 34वें राउंड तक प्रत्याशियों के चेहरे पर चिंता की लकीरें रहीं। इधर, शहर का माहौल देखते हुए पुलिस का भी भारी इंतजाम किया गया था।
आशंकाओं को बीच चुनाव संपन्न
बार चुनाव की घोषणा होते ही इस पर आशंकाओं के बादल मंडराने लगे थे। पहले इंडियन बार काउंसिल ने चुनावों पर कुछ जरूरी बदलावों के चलते रोक लगा दी थी। फिर बाद में तय तिथि पर चुनाव कराने का एलान हुआ। इसके बाद जैसे ही मतदान की तारीख नजदीक आई नागरिकता संशोधन बिल और एनआरसी को लेकर शहर का माहौल बिगड़ गया। एक समय तो लगा था कि चुनावों को टाल दिया जाएगा। मगर, जिलाधिकारी ने तय तिथि पर ही मतदान कराने की इजाजत देकर अधिवक्ताओं के चेहरे पर खुशी ला दी।
यूथ एडवोकेट काउंसिल ने दी बधाई
यूथ एडवोकेट काउंसिल के पदाधिकारियों ने दी बार एसोसिएशन के चुनाव में सभी विजेताओं को बधाई दी। फू ल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। संयुक्त सचिव प्रशासन की सीट जीतने वाले भूपेंद्र सिंह को काउंसिल के पदाधिकारियों ने कंधों पर उठाकर डांस किया व फू ल मालाओं से लाद दिया। इस मौके पर प्रतीक चौधरी, शैलेश रावत, लोकेंद्र सिंह फौजदार, गोपाल सिंह जादौन, कौशल बघेल, दिलशाद खान आदि मौजूद रहे।