होली आने में अभी लगभग एक महीने का वक्त है लेकिन इस बार होली के ठीक बाद बैंक वाले तीन दिन की लंबी हड़ताल पर जाएंगे। इसलिए 8 मार्च तक बैंक के जरूरी काम निपटा लें। 9 या 10 मार्च को होली होगी। 11 से 13 मार्च तक बैंकों की हड़ताल रहेगी। त्योहार में एटीएम भी नगद देने में दिक्कत कर सकते हैं। इसलिए पैसों का इंतजाम भी पहले से कर लें।
यूनाइटेड फ ोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर आज 11 फरवरी को बैंक अधिकारी व कर्मचारी बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा मसूदाबाद अलीगढ़ पर शाम 5.30 बजे अपनी वेतनवृद्धि की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इस धरना प्रदर्शन के बाद बैंक अधिकारी व कर्मचारी आगामी 11 से 13 मार्च तक 3 दिवसीय हड़ताल तथा पहली अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे। यूनियन के नेता वीके शर्मा ने बताया कि वेतन पुनरीक्षण जो कि पहली नवंबर 2017 से देय है। आज तक लंबित है। 30 जनवरी 2020 को भारतीय बैंक संघ ने वार्ता के दौरान वांछित वेतनवृद्धि देने से इंकार कर दिया है। अत: 10 लाख बैंक अधिकारी व कर्मचारी बीती 31 जनवरी और पहली फरवरी को 2 दिवसीय बैंक हड़ताल पर रहे।