कस्बा स्थित उप मंडी परिसर से उत्तर दिशा में एक खेत में कस्बा निवासी बैंड संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रक्तरंजित शव खेत में पड़ा मिला। पास ही बीयर की केन, खाने का सामान पड़ा था। पुलिस ने तीन संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इगलास कस्बा निवासी इंद्रपाल के अनुसार उनका 30 वर्षीय पुत्र विश्वनाथ उर्फ वीपी रविवार की शाम करीब पांच बजे करथला से उधारी के रुपये लाने की बात कहकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर से निकला था। इसके बाद देर रात तक विश्वनाथ घर नहीं लौटा। इस पर चिंतित परिवार वालों ने तलाश शुरू की। तलाश करते हुए बाइक अलीगढ़ रोड पर एक दुकान के बाहर खड़ी मिल गई, लेकिन विश्वनाथ का पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह परिवार वालों को खबर मिली कि कस्बे की उपमंडी के उत्तर दिशा में खेत में विश्वनाथ का रक्तरंजित शव पड़ा है। रोते-बिलखते हुए परिवार वाले मौके पर पहुंचे। सूचना पर कोतवाल प्रदीप कुमार भी पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के अनुसार शव के समीप बीयर की खाली केन व खाने-पीने की चीज पड़ी थी। छाती पर गोली मारकर हत्या की गई थी। पिता इंद्रपाल के अनुसार उनकी और उनके बेटे की किसी से कोई रंजिश नहीं है। विश्वनाथ अपने पीछे बेटा, बेटी, पत्नी और माता-पिता, भाइयों को बिलखता छोड़ गए हैं। सीओ मोहसिन खान का कहना है कि जांच की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
परिवार वालों ने लगाया जाम
बैंड संचालक विश्वनाथ की हत्या से आक्रोशित परिवार वालों ने पूर्वाह्न करीब 11 बजे चौराहे पर बाइक खड़ी कर आधे घंटे तक जाम लगाया। एसडीएम और कोतवाल ने हत्या का जल्द खुलासा करने और हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया। कोतवाली पुलिस का कहना है कि दो-तीन संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।