पीओपी-केमिकल वाली मूर्तियों पर प्रतिबंधअलीगढ़। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गणेश चतुर्थी और दुर्गा पूजा के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी), प्लास्टिक और थर्मोकॉल से बनी मूर्तियों के निर्माण और बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
लोगों से केवल प्राकृतिक मिट्टी से बनी, पानी में घुलनशील और पर्यावरण अनुकूल मूर्तियों के इस्तेमाल की अपील की गई है। मूर्तियों पर पक्के रंगों के साथ सीसा, कैडमियम और पारा जैसे हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल पर भी रोक है। इनके स्थान पर फूल-पत्तियों और प्राकृतिक स्रोतों से बने हर्बल रंगों का प्रयोग करने को कहा गया है।
जल प्रदूषण रोकने के लिए मूर्तियों का विसर्जन नदियों या प्राकृतिक जलस्रोतों में न कर कृत्रिम कुंडों में करने के निर्देश हैं। क्षेत्रीय अधिकारी विश्वनाथ सिंह ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की है।