अलीगढ़ से लखनऊ तक हुई खासी कशमकश के बाद आखिरकार नुमाइश के बालू-बदरपुर का ठेका निरस्त हो ही गया। जिला प्रशासन ने नुमाइश मैदान से बाहर अवैध रूप से पार्किंग वसूली मामले में आरोप सिद्घ हो जाने के बाद यह कार्रवाई की है। अब ट्रकों से वसूली नहीं हुई तो बिल्डिंग मैटीरियल्स के रेट कुछ कम होंगे और आम आदमी को इसका लाभ मिलेगा। अगर दूसरा ठेका उठा और वसूली केवल नुमाइश मैदान तक हुई तो भी बाकी जगहों पर आने वाले वाहनों से वसूली नहीं होने का फायदा भी आम लोगों को होगा।
नुमाइश प्रशासन ने इस वित्तीय वर्ष में नुमाइश मैदान में खड़े होने वाले बालू एवं बदरपुर के ट्रकों से पार्किंग शुल्क की वसूली का ठेका रिन्यूअल किया था। पहली जुलाई को ये ठेका दोबारा से चालू हुआ। ठेकेदार गौरव सिंह को इसका आवंटन तीन करोड़ 11 लाख रुपये में हुआ। जानकारों की मानें तो इसमें कई पार्टनर हैं। जिसमें एक सत्तारूढ़ माननीय का भी कुछ हिस्सा तय है।
इन्हीं माननीय की आड़ में ठेकेदार ने नियम विरुद्ध जाकर पूरे शहर में ट्रकों से वसूली शुरू कर दी। जिसका ट्रक चालकों ने विरोध किया तो उनको कभी गुंडों तो कभी पुलिस की भभकी से शांत करा दिया गया। ये सब होता देख बरौली से भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह ने इस मुद्दे को अलीगढ़ से लेकर लखनऊ तक उठाया।
बार-बार मुख्यमंत्री से शिकायत हुई तो लखनऊ से एक्शन हुआ। ठा. दलवीर सिंह ने इस मामले में चीफ सेक्रेटरी राजीव कुमार से भी शिकायत की थी। जिसमें ठेकेदार के खिलाफ मडराक थाने समेत अन्य थानों में अवैध वसूली व मारपीट के सात मुकदमों का जिक्र किया गया था। शिकायत के बाद चीफ सेक्रेटरी ने तत्काल कार्रवाई के लिए कहा था। प्रशासन ने ठेकेदार को ठेका नियमावली के प्रस्तर चार का दोषी ठहराते हुए नोटिस जारी किया था। एडीएम सिटी एसबी सिंह ने बताया कि नोटिस का यथोचित स्पष्टीकरण न मिलने पर ठेका निरस्त कर दिया गया है।
बाक्स---
ठेका का विरोध क्यों..?
अलीगढ़। एक-एक ट्रक से 1500-1500 रुपये तक वसूली होने से बिल्डिंग मैटीरियल्स का रेट अलीगढ़ में दूसरे शहरों के मुकाबले ज्यादा था। जिसकी वजह से मध्यमवर्गीय परिवार अपने मकान तक नहीं बनवा पा रहे थे। हर सड़क और हर चौराहे पर ट्रकों को रोक कर हो रही वसूली से अलीगढ़ आने वाले वाहनों के चालक भी खासे परेशान थे। नियमानुसार इस ठेके में वसूली केवल नुमाइश परिसर में हो सकती है, लेकिन ठेकेदार के गुर्गे शहर के सभी इंट्री प्वाइंट पर गुंडों के दम पर वसूली कर रहे थे।
सीएम योगी ने अलीगढ़ की जनता को बड़ा तोहफा दिया : ठा. दलवीर सिंह
अलीगढ। नुमाइश के बालू बदरपुर के ठेके में मनमानी वसूली का विरोध करने और इस मुद्दे को विधानसभा तक पहुंचाने वाले बरौली से भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कहा है कि इस ठेके के नियम के अनुसार ठेकेदार केवल नुमाइश मैदान में आने वाले वाहनों से ही वसूली कर सकता है लेकिन ठेकेदार के गुर्गे और कुछ गुंडे खुलेआम पूरे जिले में आने वाले वाहनों से वसूली कर रहे थे। आगरा रोड, मथुरा रोड, जीटी रोड, शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर गुंडे वसूली कर रहे थे। जिससे अलीगढ़ के साथ ही पूरे प्रदेश की छवि खराब हो रही थी। इसलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में सख्त कदम उठाया है।
अमर उजाला को इसका खास श्रेय जाता है : ठा. दलवीर सिंह
अलीगढ़। बरौली से भाजपा विधायक ठा. दलवीर सिंह ने कहा है कि नुमाइश के ठेके की आड़ में पूरे जनपद से हो रही अवैध वसूली को बंद कराने में अमर उजाला की खास भूमिका है। अमर उजाला ने पूरे प्रकरण में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता की मिसाल पेश कर जनता को बड़ी राहत दिलाई है।