राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय।
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) में बीएएलएलबी और एलएलबी के विभिन्न सेमेस्टर में फेल छात्रों को राहत नहीं मिलेगी। इससे पहले उन्हें मौके दिए जा चुके हैं।
सोमवार को फेल छात्रों ने विवि परिसर में खूब हंगामा काटा था। कर्मचारियों को बंधक बना लिया था। वहीं, विवि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय की प्रवेश नियमावली से हटकर कोई अतिरिक्त राहत नहीं दी जाएगी। फेल छात्रों ने प्रोन्नत करने के लिए कई बार प्रदर्शन किया है।
छात्रों के लगातार फेल होने के मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। समिति में प्रो. केडी वर्मा, प्रो. हरीश शर्मा और प्रो. शुभनेश गोयल शामिल थे। समिति ने पूरे मामले की समीक्षा करने के बाद अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी।
समिति ने रिपोर्ट में साफ कहा है कि विश्वविद्यालय में प्रवेश एवं परीक्षा से संबंधित जो नियमावली प्रभावी है, उसी का अनुपालन किया जाएगा। फेल छात्रों को पहले ही प्रोन्नत का अवसर दिया जा चुका है। इस संबंध में परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच समिति की संस्तुति और विश्वविद्यालय प्रवेश नियमावली के आधार पर ही आगे की कार्रवाई करेगा।