बीएड की छात्रा ने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने मामले पर चुप्पी साध ली है। परिजन घरेलू कलह से भी इंकार कर रहे हैं। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है।
अलीगढ़ में थाना मडराक क्षेत्र के एक गांव में 4 जून रात बीएड की छात्रा ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का सामने आ रहा है।
विज्ञापन
मडराक के एक गांव की 24 वर्षीय छात्रा शहर के एक काॅलेज से बीएड द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के अनुसार रोजाना की तरह 4 जून रात वह भाई के साथ खाना खाकर मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। देर रात छात्रा ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
रात में भाई लघुशंका के लिए उठा तो कमरे की लाइट जल रही थी। यह देख भाई ने कमरे के जंगले से झांककर देखा तो छात्रा का शव फंदे पर लटका हुआ था। भाई की चीख-पुकार सुनकर परिजन व पड़ोसी आ गए। सूचना पर इलाका पुलिस भी आ गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
विज्ञापन
सीओ इगलास महेश कुमार ने बताया कि छात्रा के आत्महत्या करने के मामले में परिजन चुप्पी साधे हुए हैं। वे किसी प्रकार की घरेलू कलह होने से इन्कार कर रहे हैं। छात्रा के मोबाइल फोन की जांच में प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का निकलकर सामने आ रहा है।