अयोध्या पर आए फैसले के बाद एएमयू में तैनात पैरा मिलिट्री फोर्स।
अयोध्या फैसले का दिन अलीगढ़ और हाथरस में अमन से गुजरा। सूबे के अतिसंवेदनशील शहरों में शामिल अलीगढ़ में शनिवार को हाई अलर्ट के बीच डीएम-एसएसपी सहित आला पुलिस अधिकारी पूरे दिन शहर के संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले इलाकों में सक्रिय रहे। निषेधाज्ञा और सेक्टर स्कीम के बीच अलीगढ़ शहर को 25 सेक्टरों में बांटकर रखा गया और सेक्टर मजिस्ट्रेट/पुलिस अधिकारी सक्रिय रहे।
पुलिस, पीएसी, आरएएफ व पैरामिलिट्री फोर्स भी पूरे शहर व अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के चारों ओर सक्रिय रही। फैसला आने के समय बाजारों में सन्नाटा रहा। दोपहर बाद बाजारों ने अपनी रफ्तार पकड़ ली। इस दौरान मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की आवाजाही कम रही और ज्यादातर व्यापारिक प्रतिष्ठान भी दोपहर बाद तक बंद रहे। कुछ जगहों पर उत्पाती युवकों द्वारा आतिशबाजी किए जाने की सूचनाओं पर पुलिस ने मौके पर पहुंची और माहौल को सामान्य किया।
अलीगढ़ में इंटरनेट की पाबंदी के बीच सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने पर आधा दर्जन से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी आकाश कुलहरि के अनुसार शहर में हालात सामान्य रहे हैं।
वहीं, हाथरस शहर को चार सेक्टर में बांट कर पुलिस-प्रशासन ने निगरानी की। एडीएम सुपर जोनल के रूप में तैनात रहे। जिले में सिकंदराराऊ तहसील पर पुलिस-प्रशासन का विशेष फोकस रहा। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद कुछ लोगों द्वारा आतिशबाजी चलाकर जश्न मनाने की सूचना पर पुलिस पहुंची। यहां के मंडी समिति के सामने से दो युवकों को पुलिस ने उठाया।
हाथरस में एक होटल में हिंदू जागरण मंच द्वारा मिठाई बांटे जाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मिठाई बांटने से रोक दिया।