जामा मस्जिद सहित मस्जिदों से जुमे की नमाज में अयोध्या मामले में आने वाले फैसले को लेकर अफवाहों से दूर रहने और जुबान पर संयम रखने की अपील की गई। इमाम ने जुमा में मुल्क में अमन-चैन की दुआ भी की।
ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज कारी शागिल ने पढ़ायी। शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद की तरफ से उन्होंने मुल्क में आपसी भाईचारा, सौहार्द कायम रहे। किसी के दिल को ठेस न पहुंचाने की कोशिश की जाए, इसके लिए दुआ की।
इसके अलावा बाकी सभी मस्जिदों में भी अमन-चैन की दुआ की गई। मैरिस रोड स्थित मस्जिद में नमाज के दौरान लोगों से अफवाहों से बचने और अपने पर संयम रखने की अपील की गई। शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने कहा कि अफवाहों से लोगों को बचना चाहिए। एकता की मिसाल ऐसी कायम करिए, जो इबारत बन जाए।
फैसले का करें स्वागत
ऑल इंडिया अल्पसंख्यक मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष मोहम्मद सुहैब ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से अयोध्या प्रकरण पर आ रहे फैसले का सभी को स्वागत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या का फैसला न किसी पक्ष की जीत और न किसी पक्ष की हार होगी, बल्कि यह फैसला कानून और इंसाफ की जीत होगी।
ईद मिलादुन्नबी जुलूस में जायज नहीं डीजे : शहर मुफ्ती
अलीगढ़। शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद हमीद ने कहा कि ईद मिलादुन्नबी जुलूस में डीजे बजाना कुरान व हदीस की रोशनी में जायज नहीं है। डीजे से परहेज करना चाहिए।