खैर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परिसर में आईआईटीएम संस्था द्वारा ऑटोमेटिक मौसम स्टेशन की स्थापना की जा रही है। इस मौसम स्टेशन से मौसम संबंधी छह प्रकार के आंकड़े प्राप्त किए जा सकेंगे। इससे तापमान, आर्द्रता, वायुदाब, वर्षा मापन, हवा की गति तथा हवा की दिशा पता चलेगी।
यह कार्य तीन दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा। यह मौसम स्टेशन सोलर पावर से संचालित होगा। इसमें सिम लगाकर वाई-फाई के माध्यम से इसको इंटरनेट से जोड़ा जाएगा।
प्राचार्य संजीव वार्ष्णेय ने बताया कि इस मौसम स्टेशन का एक आईपी नंबर जारी किया जाएगा। जिसके माध्यम से कस्बे का कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन पर क्षेत्रीय मौसम की सटीक जानकारी एवं पूर्वानुमान आसानी से प्राप्त कर सकेगा। किसानों को भी स्थानीय मौसम की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। जिससे उन्हें खेती संबंधी कामकाज में राहत मिलेगी। इससे छात्र-छात्राओं को मौसम विज्ञान संबंधी अध्ययन में लाभ मिलेगा।