अवैध निर्माणों के खिलाफ अलीगढ़ विकास प्राधिकरण का अभियान जारी है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की टीम ने सिविल लाइन क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए हो रहे चार अवैध निर्माणों को सील कर दिया।
प्राधिकरण टीम ने सर्वप्रथम परवेश एवं जाकिर द्वारा हमदर्द नगर गली नंबर 2 में 700 वर्ग गज क्षेत्र में पांच मंजिल बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण को सील किया। इसके बाद मो. फरमान द्वारा जकरिया मार्केट सर सैयद नगर में 700 वर्ग गज क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए किए जा रहे दो मंजिला निर्माण को सील किया गया। तत्पश्चात अलाउद्दीन द्वारा पहासू हाउस जेल ओवरब्रिज के पास 400 वर्ग गज में किए जा रहे अवैध निर्माण को सील किया गया। अंत में इलियास चौधरी द्वारा बदरबाग निकट शम्स अपार्टमेंट में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए 500 वर्गगज में किए जा रहे निर्माण को सील किया गया। इस मौके पर प्राधिकरण अफसरों के साथ सिविल लाइन पुलिस बल भी मौजूद रहा।