डीएस बाल मंदिर स्कूल में परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी
- फोटो : संवाद
हादसे में गंवाया हाथ-पैर, हौसले के साथ परीक्षा देने आया विशाल
हादसे ने बचपन छीन लिया, जिंदगी की राह मुश्किल कर दी, लेकिन पढ़ने और आगे बढ़ने की उम्मीद नहीं छीन सका। संभल के आरएसएस इंटर कॉलेज, बकरोली में कक्षा नौ में पढ़ने वाले विशाल अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने अलीगढ़ पहुंचे तो उनके साथ उनकी हिम्मत की कहानी भी आई। बचपन में एक दर्दनाक हादसे में उसे अपना एक हाथ और एक पैर गंवाना पड़ा था, लेकिन पढ़ाई के प्रति विशाल का उत्साह आज भी कायम है।
विशाल अपने बाबा नवाब सिंह के साथ संभल से अलीगढ़ परीक्षा देने आए थे। उन्होंने बताया कि वह इस परीक्षा को लेकर काफी उत्साहित थे। उनके लिए यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं, बल्कि अपनी पढ़ाई को आगे बढ़ाने की उम्मीद भी है। विशाल ने बताया कि जब वह करीब आठ साल के थे, तब दूध की डेयरी में बैठे हुए थे। इसी दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन का तार उन पर गिर गया था। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब छह महीने तक उनका इलाज चला। डॉक्टरों को उनका एक हाथ और एक पैर काटना पड़ा।
जन्म से बायां हाथ नहीं, सपनों को पंख देने की चाह में जुटा आदित्य
किसी कमी को अपनी कमजोरी न बनने देना ही असली हौसला है। बाबूलाल जैन इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ने वाले दिव्यांग आदित्य की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। जन्म से उसका बायां हाथ नहीं है, लेकिन आगे बढ़ने का जज्बा और अपने पैरों पर खड़े होने का सपना उसके हौसले को मजबूती देता है। इसी उम्मीद के साथ आदित्य ने अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दी।
आदित्य जानते हैं कि शिक्षा ही उन्हें अपने सपनों के करीब ले जा सकती है। वह परीक्षा में सफल होकर मिलने वाली छात्रवृत्ति का इस्तेमाल अपनी पढ़ाई में करना चाहते हैं। उनके लिए यह आर्थिक मदद से बढ़कर आगे की राह आसान बनाने का एक अवसर है। आदित्य ने बताया कि उनका लक्ष्य केवल पढ़ाई पूरी करना नहीं है। वह आगे चलकर सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं। जन्म से बायां हाथ न होने के बावजूद आदित्य ने अपने भविष्य को लेकर बड़े सपने संजोए हैं।
इनका रहा सहयोग
परीक्षा में केंद्र अधीक्षक पुष्कर वार्ष्णेय, सहायक केंद्र अधीक्षक नवनीत शर्मा, शिक्षक अमित शर्मा, गौरव गुप्ता, राहुल शर्मा, विकास गुप्ता, देवेंद्र शर्मा पियूष भटनागर, सिद्धार्थ शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, प्रशांत सिंह, योगेंद्र कुमार, सौरभ सारस्वत, प्रदीप रावत, गौरव बृजवासी, नजीर इकबाल खान, विष्णु दत्त शर्मा, राहुल अग्रवाल, प्रफुल्ल वार्ष्णेय का सहयोग रहा।