थाना बन्नादेवी क्षेत्र के खैर बाईपास के बघेल नगर में मंगलवार देर शाम महिलाओं जैसे कपड़े पहने एक युवक ने घर में खेल रही तीन साल की बच्ची को कुछ नशीला पदार्थ खिला दिया और उसे लेकर जाने लगा। तभी पडोसियों को शक हुआ तो उसे पकड़ लिया।
फिर धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है। खैर बाईपास के बघेल नगर निवासी प्रमोद कुमार पेशे से किसान हैं और शहर में ही रहते हैं। प्रमोद के अनुसार मंगलवार शाम वे पत्नी के साथ पड़ोस में बने घेर में पशुओं को चारा देने गए थे। घर में उनकी तीन साल की बेटी खेल रही थी। तभी साड़ी पहने एक युवक घर में घुस आया। जिसने बेटी को कुछ खिला दिया। इससे वह अचेत हो गई। फिर वह उसे लेकर जाने लगा। तभी पड़ोसियों की नजर पड़ गई ।
उन्होंने उसे टोका तो वह भागने लगा। इस पर उसे लोगों ने पकड़ लिया। बच्ची बेहोशी की हालत में थी। लोगों ने पकड़े गए युवक से पूछताछ की तो वह इधर-उधर की बातें करने लगा। लोगों ने युवक की धुनाई कर दी और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस आरोपी युवक को थाने ले आई। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। उधर अचेत हुई बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसे देर रात तक होश नहीं आ सका था। सीओ बन्नादेवी राजीव द्विवेदी ने बताया कि पकड़ा गया युवक थाना गांधीपार्क क्षेत्र के नाैरंगाबाद का रहने वाला है। जो अक्सर महिलाओं जैसे कपड़े पहनकर घूमता-फिरता है और मांगता, खाता है। अभी पूछताछ की जा रही है। बच्ची के पिता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है।