थाना रोरावर क्षेत्र के हाईवे पर रवविार देर रात बाइक सवार बदमाशों ने सेल्समैन के साथ मारपीट कर बाइक लूट ली। इस दौरान कांच की बोतल से हमला बोलने के साथ ही तमंचा दिखाकर डराया था। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने की बजाए उसे टालने का प्रयास कर रही है।
गोंडा थाना क्षेत्र के धौर्रा पालन गांव के राजकुमार सेल्समैन हैं। रविवार को वे किसी काम से कस्बा खैर गए थे। रात करीब आठ बजे राजकुमार वापस गांव आ रहे थे। जैसे ही वे गांव से पहले हाईवे एस्सार पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया। जैसे ही उन्होंने बाइक को रोका बदमाशों ने कांच की बोतल से हमला बोल दिया। गनीमत रही कि राजकुमार ने हेलमेट पहन रखा था। इस बीच बदमाशों ने डरा-धमकाकर बाइक छीन ली और भाग गए। राजकुमार ने बदमाशों के जाने के बाद शोर मचाया तो राहगीर आ गए। आरोप है कि थाने में जाकर शिकायत करने पर पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की और टाल-मटोल कर भगा दिया। सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच कर बाइक लुटेरों को तलाशा जा रहा है।