कस्बे में चेचक का प्रकोप हो गया है। कई मोहल्लों में दर्जनों लोग इस बीमारी की चपेट में हैं। एक महिला की तो इस बीमारी ने जान ही ले ली। महिला की मौत से लोगों में भय पैदा हो रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में भी दवा वितरित नहीं कराई। गांवों में भी चेचक का प्रकोप है। स्वास्थ्य विभाग का इस ओर ध्यान नहीं है।
कस्बे के मोहल्ला खेरापतान निवासी राजेश कुमार शर्मा का इसी मोहल्ले में फोटो स्टूडियो है। राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी भावना शर्मा चेचक की चपेट में आ गई थीं। प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज भी कराया मगर सोमवार को उनकी मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। कस्बे में फैल रही चेचक की बीमारी से लोगों में भय पैदा हो गया है।
मोहल्ला सराय ढोंढा, कटरा, खत्रीपाड़ा, नगाइचपाड़ा, बड़ा बाजार, सरायवली आदि मोहल्लों में दर्जनों लोग इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। इसके अलावा गांव खानपुर, असरफाबाद, बिरनेर, उत्तमगढ़ी, काजिमाबाद, जिरौली धूम सिंह, नरौना 12 नंबर आदि में भी चेचक का प्रकोप है।
गांवों में तो दवा वितरण कराना दूर स्वास्थ्य विभाग ने कस्बे में भी दवा वितरित कराना उचित नहीं समझा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. कुलदीप राजपुरी ने मामले से अनभिज्ञता व्यक्त की है। साथ ही टीम भेजकर जांच कराने की बात कही है।