टप्पल थाना पुलिस ने एटीएम हैक करके और एटीएम कार्ड बदलकर पैसे उड़ाने वाले शातिर गिरोह के चार बदमाशों को मुठभेड़ में दबोचा। पूछताछ में गिरोह के तार हरियाणा के पलवल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़ सहित पश्चिम उप्र के कई जिलों से जुड़े हैं। ये शातिर मदद के बहाने हेराफेरी करके लोगों के खाते से पैसे निकालते थे। पुलिस ने चारों शातिरों को शनिवार को जेल में दाखिल कर दिया। इनके पास से बरामद एटीएम कार्ड के आधार पर पीड़ितों की तलाश की जा रही है।
एसपी देहात शुभम पटेल ने बताया कि थाना टप्पल पुलिस ने एटीएम मशीनों को हैक करनेे व पैसा निकालने वाले शातिरों के संबंध में मिली थी कि गैंग के सदस्य अलीगढ़-पलवल रोड ग्राम कुराना बंबा पर निर्माणाधीन पुलिया के पास जट्टारी की तरफ जा रहे हैं। चारों बदमाश एक कार में सवार थे। टीम ने इनको वाहन चेकिंग के प्वाइंट पर घेराबंदी करके रोका तो बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए चारों बदमाशों को क्त्रसॅस फायरिंग करते हुए दबोच लिया। इनकी पहचान अकरम खान पुत्र जफर खान, अल्लाराजे पुत्र यूनिस, तौफीक पुत्र रियाजउद्दीन, योगेंद्र सिंह पुत्र चंद्रपाल निवासीगण नूरपुर, टप्पल के तौर पर हुई है।
गैंग सरगना अकरम है। पूछताछ में बताया कि यह मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदल देते थे। इतना ही नहीं, लोगों द्वारा एटीएम से पैसे निकालने के दौरान वह एक बटन दबाकर मशीन को हैंग कर देते थे। इससे उक्त लेनदेन रुक जाता, जिसे वह बाद में मशीन को हैक कर पूरा कर वारदात को अंजाम देते थे। शातिरों के पास से 12 एटीएम कार्ड, दो तमंचे, एक कार, 2 धारदार हथियार, चार मोबाइल फोन, 12 हजार की नगदी बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना इंस्पेक्टर धमेंद्र कुमार पवार सहित अन्य स्टाफ शामिल रहा।