रामघाट रोड स्थित एक होटल में सूप में निकले चिकन के पीस। स्रोत : स्वयं
- फोटो : Self
महानगर के थाना क्वार्सी क्षेत्र अंतर्गत रामघाट रोड पर शनिवार रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब एक प्रतिष्ठित होटल में स्वीट कॉर्न सूप के स्थान पर चिकन सूप परोस दिया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार और होटल प्रबंधन के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रेलवे रोड निवासी इशांत जैन विधि छात्र हैं और एक पूर्व सभासद के भतीजे हैं। शनिवार रात अपने परिवार के साथ रात्रि भोज के लिए रामघाट रोड स्थित एक रेस्टोरेंट पहुंचे थे। परिवार ने शुरुआत में स्वीट कॉर्न सूप का ऑर्डर दिया।
इशांत का आरोप है कि जब सूप टेबल पर सर्व किया गया और उन्होंने उसे पीना शुरू किया, तो उसमें चिकन के अंश और हड्डियां मिलीं। शाकाहारी परिवार के लिए यह स्थिति बेहद आपत्तिजनक थी।
जब उन्होंने इस पर विरोध दर्ज कराया और होटल मैनेजर को बुलाकर शिकायत की, तो प्रबंधन का रवैया सहयोगात्मक नहीं रहा। मैनेजर ने अपनी गलती मानने के बजाय उल्टा हमें ही दोषी ठहरा दिया। उनका कहना था कि हमारे ऑर्डर देने के अंदाज में कुछ गड़बड़ी रही होगी, जिस कारण उन्हें गलत सुनाई दिया।
होटल प्रबंधन की दलीलों से असंतुष्ट परिवार ने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की लैपर्ड टीम मौके पर पहुंच गई। घटना को लेकर रेस्टोरेंट में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पीड़ित पक्ष ने थाना क्वार्सी में लिखित तहरीर दी है। पुलिस रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज और बिलिंग रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सीओ सर्वम सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।