परिजनों के साथ महाकुंभ मेले में जाने की इच्छा है, लेकिन किसी भी ट्रेन में सीट नहीं मिल पा रही है। - शीलू ठाकुर, बन्नादेवी
कुंभ मेले को लेकर रेलवे ने पर्याप्त ट्रेनें चलाने की घोषणा की थी, लेकिन अलीगढ़ से जाने वाली ट्रेनों की संख्या बेहद कम है। - कपिल जादाैन, रामनगर
महाकुंभ की शुरुआत से लेकर अब तक ट्रेनों व बसों में काफी भीड़ देखने को मिल रही है, लेकिन रेलवे पर्याप्त ट्रेनें संचालित नहीं कर पा रहा है। - सुशील कुमार
किसी भी ट्रेन में बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही है। 144 साल बाद महाकुंभ का संयोग बना है। मन में इच्छा थी इसलिए महाकुंभ जा रहे हैं। - गाैतम कुमार
यात्री दबाव के कारण ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुंभ के लिए कई स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं। कुछ ट्रेनों में कोच और कुछ के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। हालांकि, भीड़ अधिक होने के कारण प्रतीक्षा सूची भी काफी लंबी है। यात्रियों की संख्या के अनुरूप ट्रेन चलाने का प्रयास किया जा रहा है। - अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर मध्य रेलवे
प्रयागराज महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में लगातार इजाफा हो रहा है। भीड़ का यह आलम है कि प्रयागराज की ओर जाने वाली नेताजी एक्सप्रेस, जय नगर टाटा, महानंदा, सीमांचल, लिच्छवी, कालिंदी, प्रयागराज, लिंक एक्सप्रेस, कुंभ मेला स्पेशल समेत अन्य ट्रेनों में सीट नहीं मिल पा रही है। इससे ट्रेनों में सवार होने के लिए यात्री धक्का-मुक्की कर रहे हैं।
रेलवे सूत्रों के अनुसार महाकुंभ को लेकर 28 फरवरी तक किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। जिससे श्रद्धालु बस या निजी वाहनों का सहारा लेकर प्रयागराज कुंभ में जा रहे हैं। दिल्ली से अलीगढ़ होकर प्रयागराज जाने वाली ट्रेनों में सीटे पूरी तरह से भरी नजर आ रही है। जनरल कोच में तो खड़े होकर व दरवाजे व खिड़कियों तक लटककर लोग जोखिम भरी यात्रा कर रहे हैं। ऑनलाइन टिकट बुक करते समय यात्रियों के सामने लंबी प्रतीक्षा सूची देखने को मिल रही है।
प्रयागराज जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस तीन दिन तक डायवर्ट
उत्तर मध्य रेलवे से संचालित 15464 महानंदा एक्सप्रेस को रेलवे प्रशासन ने तीन दिन के लिए डायवर्ट कर दिया है। ये ट्रेन फतेहपुर, भारवारी, प्रयागराज, विंध्याचल व मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के बीच नहीं चलेगी। कानपुर सेंट्रल से पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के बीच चलेगी।
रेल प्रशासन की ओर से बताया गया कि इस ट्रेन का रूट तीन दिन के लिए बदला गया है। सोमवार व मंगलवार को यह ट्रेन फतेहपुर, भारवारी, प्रयागराज, विंध्याचल व मिर्जापुर रेलवे स्टेशन के बीच नहीं चलेगी। इस ट्रेन को कानपुर सेंट्रल से सीधे अन्य मार्ग पर होते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन स्टेशन पहुंचाया जाएगा। पीआरओ प्रयागराज मंडल अमित कुमार सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से ऐसा किया गया है।