कभी-कभी जिंदगी की सबसे बड़ी कहानियां किसी बड़े घटनाक्रम से नहीं, बल्कि रसोई में पक रही एक साधारण-सी सब्जी से जन्म लेती हैं। अरबी की सब्जी भी ऐसी ही एक कहानी है, जिसमें स्वाद के बहाने बचपन की यादें, पिता का स्नेह और पीढ़ियों के बीच भावनाओं का रिश्ता जीवंत हो उठता है। इस कहानी के जरिये साहित्यिक जगत में अपनी पहचान बना रहीं अलीगढ़ की उपासना श्रीवास्तव इन दिनों समीक्षकों की सराहना बटोर रही हैं।
अलीगढ़ के आगरा रोड स्थित स्टार हाइट अपार्टमेंट में रहने वालीं उपासना को बचपन से ही लिखने-पढ़ने का शौक रहा है। हालांकि, शादी के बाद उन्होंने अपने इस शौक को नियमित लेखन में बदलने का फैसला किया। उनकी कहानियों की खासियत यह है कि वे किसी असाधारण घटना की तलाश नहीं करतीं, बल्कि घर-परिवार, रिश्तों और आसपास घट रही छोटी-छोटी घटनाओं में छिपे जीवन के अर्थ तलाशती हैं। घरेलू परिवेश की विसंगतियां और उनसे उपजने वाली संवेदनाएं उनके लेखन का प्रमुख आधार हैं।
एक सब्जी, दो पीढ़ियां और यादों का सफर
उपासना की चर्चित कहानी अरबी की सब्जी इसका खूबसूरत उदाहरण है। कहानी में एक छोटी बच्ची खेलकर घर लौटती है तो मां बताती हैं कि पापा खाना बना रहे हैं। लेकिन जैसे ही उसे पता चलता है कि खाने में अरबी की सब्जी बनी है, वह खाने से मना कर देती है और आम का अचार मांगने लगती है। मां के समझाने पर जब वह सब्जी चखती है तो उसका स्वाद उसे भा जाता है।
कहानी यहीं खत्म नहीं होती। समय गुजरता है, वही बच्ची बड़ी होकर मां बन जाती है और एक दिन अपनी बेटी को अरबी की सब्जी बनाना सिखाती है। उपासना के लेखन की साहित्यकार डॉ. उमेश दीक्षित, डॉ. रमेश शर्मा और सुरेश कुमार जैसे लेखकों ने प्रशंसा की है। उनकी कहानियों में जीवन की सहजता के साथ रिश्तों की गहराई और सामाजिक परिस्थितियों की बारीक पड़ताल दिखाई देती है।