हाथरस के सहपऊ क्षेत्र में बिसावर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मार्ग पर स्थित बिसावर इंटरनेशलन स्कूल में अमर उजाला 100 मिलियन स्माइल्स के तहत जिज्ञासा एवं उसका समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आए मनोवैज्ञानिक डॉ साहब सिंह ने छात्राओं को सफलता के टिप्स दिए।
बीबीए करना चाहती हूं, कैसे कर सकती हूं? -निशा चौधरी
जवाब- किसी भी स्ट्रीम का विद्यार्थी बीबीए कर सकता है लेकिन 12वीं में कम से कम 50 प्रतिशत अंक आना अनिवार्य है।
पुलिस फोर्स जॉइन करना चाहती हूं। प्रशासनिक सेवाओं में जाना चाहती हूं। एयरफोर्स में पायलट बनना चाहती हूं। -तन्वी, शिवांगी,लव्यांशी, साक्षी, निशी, आस्था, वर्षा आदि छात्राएं
जवाब- प्रशासनिक और इंडियन पुलिस फोर्स में साइंस और आर्ट दोनों स्ट्रीम के विद्यार्थी कॅरिअर बना सकते हैं। सेना (आर्मी, एयरफोर्स और नेवी) के लिए 12 में विज्ञान विषय के साथ गणित होना अनिवार्य है।
मैं शिक्षिका बनना चाहती हूं लेकिन पापा इंजीनियर बनाना चाहते हैं। - गरिमा
जवाब- आप पापा-मम्मी के साथ आप मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र आएं, हम उनकी काउंसिलिंग करेंगे और आपकी पर्सनालिटी टेस्ट कर उन्हें बताएंगे कि कौन सा क्षेत्र बेहतर रहेगा।
मैं भविष्य बनाना चाहती हूं लेकिन घरवाले सपोर्ट नहीं करते? घरवाले सहयोग न करें तो हम कैसे आगे बढ़ें। - धनन्या
जवाब- घरवालों के बात कर उनकी काउंसिलिंग की जाएगी। आप परिजन के साथ केंद्र आएं। पढ़ाई में अपना सर्वश्रेष्ठ दीजिए, सरकार तमाम स्कॉलरशिप योजनाएं चला रही है। आपकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी।
डांसर बनना चाहती हूं लेकिन घरवाले मना करते हैं। -तन्वी
जवाब- डांसर बनने के लिए नृत्य का विधिवत प्रशिक्षण लें, परफार्मिंग आर्ट्स में डिग्री हासिल करें और फिर आप नृत्य के क्षेत्र में भी कॅरिअर बना सकती हैं। अंत में शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने नारी सशक्तिकरण की शपथ भी ली।