थाना महुआखेड़ा क्षेत्र में धनीपुर मंडी इलाके में रहने व निलंबित होने के बाद लापता पुलिस इंस्पेक्टर का सवा दो महीने बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने अब इंस्पेक्टर का पता बताने व तलाशने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
मूल रूप से जनपद गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र के अवंतिका काॅलोनी निवासी व अलीगढ़ पुलिस लाइन में तैनात इंस्पेक्टर अनुज कुमार अपने परिवार के साथ थाना महुआखेड़ा क्षेत्र के धनीपुर मंडी स्थित प्रभात नगर काॅलोनी में किराये के मकान में रहते थे।
विभागीय स्तर पर लापरवाही व गैरहाजिर रहने की शिकायत पर इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया था। हालांकि इंस्पेक्टर ने एसएसपी के समक्ष अपना पक्ष भी नहीं रखा था।
केवल फोन पर ही संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुज कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर दी गई थी। इस कार्रवाई के बाद इंस्पेक्टर अनुज कुमार 17 सितंबर को गायब हो गए। मां सुशीला ने इसकी जानकारी पुलिस को देने के साथ ही शासन व हाईकोर्ट स्तर पर शिकायत की। इस सबंध में सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार ने बताया कि लापता इंस्पेक्टर अनुज कुमार की सूचना देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।