अंशू तोमर (20) की हत्या व छात्र पृथ्वी को गोली मारने का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। हालांकि, पुलिस ने मंगलवार को हत्या की साजिश रचने के तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा, कारतूस व 42000 रुपये बरामद हुई है।
एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने मंगलवार को पुलिस लाइन में घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि शनिवार को श्री वार्ष्णेय कॉलेज के बाहर होली खेलने के बाद हुए विवाद में बीए तृतीय वर्ष के छात्र महेंद्र नगर के पृथ्वी चौहान पर दो बाइकों पर आए हमलावरों ने फायरिंग कर दी। एक गोली पृथ्वी के पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके बुलावे पर आए दोस्त मडराक-नौहटी के अंशू तोमर की पीठ में लगी। इसमें अंशू की मौत हो गई।
इस संबंध में मडराक क्षेत्र के गांव पाली रजापुर के धीरज, सिखरना गांव के प्रशांत उर्फ गोलू व मडराक के राजा को नामजद कराया गया था। पुलिस ने रवि सिंह निवासी सराय हरनारायण, थाना सासनीगेट, साहिल निवासी शीशियापाड़ा, थाना गांधीपार्क व आशिफ निवासी टावर वाली गली भुजपुरा, थाना कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया है।
मुख्य आरोपी धीरज को रवि ने बाइक उपलब्ध कराई थी। साहिल ने धीरज को घटना में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस और आसिफ के माध्यम से 85,000 रुपये उपलब्ध कराए थे। जो धीरज के साथ इस साजिश में शामिल थे। इनमें साहिल पर चार व आसिफ पर एक मुकदमा दर्ज है। एसपी सिटी ने बताया कि मुख्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमें जुटी हुई हैं। यहां सीओ बन्नादेवी कमलेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह परमार आदि थे।