अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के जेएन मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन का एक और प्लांट शुरू हो गया है। कुछ ही दिनों में इसका विधिवत उद्घाटन हो जाएगा। इस प्लांट से शुरू होने से मेडिकल कॉलेज की ऑक्सीजन आपूर्ति करने की क्षमता में और वृद्धि हो गई है। कुछ दिन पहले ही कुलपति ने जर्मन तकनीक पर आधारित ऑक्सीजन जनरेशन के उच्च क्षमता वाले नए प्लांट का उद्घाटन किया था।
जिस समय कोरोना महामारी की दूसरी लहर चरम पर थी, उस समय मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन संकट पैदा हो गया था। यहां पर सिलिंडर से ऑक्सीजन की आपूर्ति हो रही थी। बाद में प्लांट को अपग्रेड करके लिक्विड ऑक्सीजन से आपूर्ति का सेटअप तैयार किया गया।
मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रोफेसर शाहिद अली सिद्दीकी कहते हैं कि मेडिकल कॉलेज लगातार अपने संसाधनों में वृद्धि कर रहा है। पिछले कुछ महीनों में हमारे पास वेंटिलेटर और ऑक्सीजन कन्संट्रेटर की संख्या बढ़ी है। ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट भी शुरू किए गए हैं। भविष्य में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार इसी गति से जारी रहेगा।
प्रॉक्टर बोले, मानवता के नाते मरीजों को बिना देखे न लौटएं
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाओं के शुरू होने के बाद जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। ओपीडी में निर्धारित संख्या में रजिस्ट्रेशन के बाद ही मरीजों को देखा जा रहा है। एक दिन में 70 तक मरीज देखे जा रहे हैं।
लेकिन भीड़ को देखते हुए मानवता के आधार पर विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन से अपील की है कि वह जितना संभव हो मरीजों को देखें। खासतौर से अलीगढ़ के आसपास के शहरों से आए वह मरीज, जो भीषण गर्मी में परेशानी झेलकर उपचार के लिए आए हैं, उनको न लौटाया जाए। मेडिकल कॉलेज में अलीगढ़ के अलावा डिबाई, बुलंदशहर, कासगंज, एटा, बदायूं आदि से भी मरीज उपचार के लिए आते हैं।