अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जेएन मेडिकल कॉलेज में एक और मरीज ने कोरोना को हराकर पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद अपने घर के लिए रवानगी की। इस तरह जेएन मेडिकल कॉलेज में अब तक 21 मरीज कोरोना को हराकर पूरी तरह स्वस्थ होकर जा चुके हैं। नोडल अधिकारी और माइक्रोबायोलोजी विभाग के अध्यक्ष प्रो. हारिस एम खान ने बताया कि बृहस्पतिवार को एक युवक जिसका उपचार प्रो. एसए खान, डॉ. रूही खान एवं डॉ. रिजवान अहमद ने किया, उसे अस्पताल से पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है।
जेएन मेडिकल कॉलेज के कोविड वार्ड में 17 मरीज भर्ती हैं। मेडिकल कॉलेज से अब तक 21 कोविड मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है या इनके स्वास्थ्य में सुधार के बाद एल-1 अस्पताल में भेजा जा चुका है। एएमयू कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर ने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों और दूसरे स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना की और कोविड मरीजों के ठीक होने की गति में तेजी आने पर संतोष व्यक्त किया। मेडिकल कॉलेज अब तक 10568 कोविड परीक्षण कर चुका है। यह परीक्षण नि:शुल्क किए गए हैं और इनमें 237 मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं।