आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने दिया धरना
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। बीएलओ एवं समाजवादी पेंशन योजना के सत्यापन की ड्यूटी लगाए जाने को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के तेवर तल्ख हो गए हैं। इस मामले में प्रशासन की चुप्पी से खफा कार्यकत्रियों ने गुरुवार से कलक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आरंभ कर दिया। प्रशासन के मौन से गुस्साई कार्यकत्रियों ने सड़क जाम करने की कोशिश की, लेकिन संगठन की नेताओं के समझाने पर वह मान गई।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका एसोसिएशन की अध्यक्ष शोभा शर्मा ने कहा कि अल्प मानदेय पर काम करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की समस्याओं का निदान करने में प्रशासन की रुचि नहीं है। उन्होंने कार्यकत्रियों से शुक्रवार को आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर सुबह दस बजे धरनास्थल पर पहुंचने की अपील की। संरक्षक शिशिर शर्मा ने कहा कि यदि समस्या नहीं सुलझी तो शुक्रवार से उग्र आंदोलन होगा। इस मौके पर इंटक के मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महामंत्री ब्रजेश गुप्ता, शरद यादव, ममता वर्मा, सरोज देवी, रजनीश चौधरी, शकुंतला, प्रेमवती, माधुरीदेवी, ज्ञानवती, वीरवती, सरोज, अनीता, रेखारानी, कुमकुम, उषा, मंजेश, अर्चना, शीलादेवी, मीनेश, जानकीदेवी, ललिता देवी, मधुबाला आदि उपस्थित थे। इस मामले में एडीएम सिटी अवधेश तिवारी ने कार्यकत्रियों से वार्ता से इंकार करते हुए कहा कि पहले ही कार्यकत्रियों के प्रतिनिधिमंडल को निर्वाचन जैसा महत्वपूर्ण काम बताते हुए बीएलओ ड्यूटी के लिये आग्रह किया जा चुका है।