कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बिजौली में कानपुर देहात की बबली यादव को फर्जी तरीके से अनामिका शुक्ला नाम से शिक्षिका के पद पर नियुक्त कराने वाला पुष्पेंद्र उर्फ सुशील उर्फ गुरु जी को एसटीएफ ने गोंडा में दबोच लिया है। उसने गिरफ्तारी के बाद यहां बबली की नियुक्ति कराने से लेकर प्रदेश के कई जिलों में नियुक्तियां कराना स्वीकारा है। उसकी गिरफ्तारी की खबर यहां आ गई और पूछताछ के लिए टीम भेजी जा रही है। साथ ही उसे बाद में रिमांड पर लेने का भी प्रयास किया जाएगा।
सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि मूल रूप से मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र के नगला खराब निवासी पुष्पेंद्र उर्फ राज उर्फ सुशील उर्फ गुरु जी सहित इस रैकेट के तीन लोगों को एसटीएफ ने गोंडा में दबोच लिया है। वहां पूछताछ में उन्होंने यहां बिजौली में कानपुर देहात की बबली यादव को अनामिका के नाम से फर्जी पपत्रों पर नियुक्त कराना स्वीकारा है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कई नियुक्तियां कराना स्वीकारा है, जिनमें बबली की कुछ रिश्तेदार भी हैं।
इस बबली को अलीगढ़ पुलिस रविवार को ही जेल भेज चुकी है। सीओ ने बताया कि अब उससे पूछताछ के लिए पाली पुलिस की एक टीम भेजी जा रही है। साथ में उसे अपने मुकदमे में रिमांड पर लेकर आने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुष्पेंद्र से पूछताछ में ही यह स्पष्ट होगा कि यहां बेसिक शिक्षा महकमे में किसकी मदद से यह फर्जीवाड़ा संभव हो पाया था।