फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अलीगढ़ : ताला कारोबारी के घर नकाबपोशों ने की लूटपाट, फायरिंग

विज्ञापन
विज्ञापन
कोतवाली इलाके के तुर्कमान गेट पर रविवार रात ताला कारोबारी के घर में घुसे बदमाशों ने परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे डाला। परिवार वालों ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो उसके साथियों ने असलहों से फायर दाग दहशत फैला दी और भाग गए। इस दौरान नकदी, जेवरात व कीमती मोबाइल ले जाने में सफल रहे। खबर पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद चार अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन

तुर्कमान गेट निवासी मो. शारिक और उनके बड़े भाई तारिक का ताले का कारोबार है। रविवार को उनके घर में बीती ईद की खुशी में दावत थी। इसमें रिश्तेदार शामिल होने आए थे। मो. तारिक के मुताबिक वाकया रात 12.30 बजे का है। घर के दो कमरों की अचानक से लाइट बंद हुई। जब तक परिवार कुछ समझ पाता। तीन असलहाधारी नकाबपोश बदमाशों ने परिवार के सदस्यों व बच्चों को गन प्वाइंट पर ले लिया। एक बदमाश बाहर दरवाजे पर खड़ा हो गया।
बदमाशों ने महिलाओं से जेवरात उतरवाने शुरू कर दिए। साथ ही अलमारी की चाबी छीन ली और उसमें रखे 60 हजार रुपये निकाल लिए। सदस्यों के पास मौजूद चार कीमती मोबाइल छीन लिए। इस बीच साहस करके बहनोई खुर्शीद व भाई शारिक व स्वयं उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। यह देख उसके तीनों साथियों ने फायर दाग दिए। गनीमत रही कि किसी को गोली नहीं लगी। परिवार वालों से मारपीट की। महिलाओं से भी गाली गलौज की। इससे परिवार की महिलाएं व बच्चे दहशत में आ गए। सभी ने सरेंडर कर दिए। बदमाश परिवार वालों से दो जोड़ी कान के कुंडल, बाली, एक चेन, एक पैंडल, एक अंगूठी (सभी सोने की) 60 हजार रुपये, चार मोबाइल फोन ले गए। जाते समय वह घर का मुख्य द्वार बाहर से बंद कर गए। मामले में थाना ऊपरकोट कोतवाली पुलिस को चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दे दी है। इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन

बच्चों की ईदी तक ले गए बदमाश
घटना के दौरान बदमाश बच्चों को ईद पर मिली कुल 11 सौ रुपये की ईदी भी ले गए। उन्होंने एक-एक सदस्य को डराते धमकाते हुए पूछा था कि तुम्हारे पास क्या है। इसी बीच बच्चों ने भी अपने पास 11 सौ रुपये होना बताया। उसे भी बदमाश ले गए।
9 सदस्यों पर भारी पड़े असलहाधारी बदमाश
ताला कारोबारी के परिवार के साथ जिस समय वारदात हुई उस वक्त ईद की दावत खाकर अधिकांश रिश्तेदार घर जा चुके थे। तारिक के घर में दो विवाहित बहनें शबिया और शबनम व शबिया का पति खुर्शीद, अविवाहित बहन अमरीन, मां अमीना, तारिक की पत्नी शगुफ्ता अंसारी, भाई मो. शारिक व उनकी पत्नी हिना अंसारी सहित घर में पांच बच्चे थे। बदमाशों ने इन सभी को संभालने का मौका भी नहीं दिया कि वह फायरिंग करते हुए सभी को गन प्वाइंट पर लेकर हावी हो गए। खासकर उन्होंने घर की महिलाओं और बच्चों को टारगेट करके पुरुषों के भीतर दहशत बनाई। मो. शारिक ने बताया कि बदमाशों ने जैसे ही फायरिंग की। घर की महिलाओं व बच्चों की चीखें निकल गईं। उनको डर था कि बदमाश किसी को गोली न मार दें।
पुलिस को नजदीकियों पर शक
पुलिस की अभी तक की छानबीन में सामने आया है कि बदमाशों को परिवार के बारे में पूरी जानकारी किसी करीबी से ही मिली है। दरअसल, इसके पीछे कई कड़ियां जुड़ रहीं हैं। पहला घर में ईद की दावत और उसमें रिश्तेदारों के आने का बदमाशों का पता था। इसलिए वह सभी असलहों के साथ इस प्रकार घुसे की किसी को जरा भी भनक न लगी। सभी रिश्तेदारों की आने की बात समझने लगे। दूसरी बात वह पैदल ही घर तक आए। मतलब साफ था कि बदमाशों को पता था कि गली संकरी होने के चलते अगर भागने की नौबत आई तो वह वाहन के चक्कर में फंस सकते हैं। पुलिस इन सबको लेकर नजदीकियों पर ही शक जता रही है।
लूटकांड में अज्ञात बदमाशों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना पुलिस और सर्विलांस सहित एसओजी की टीम को भी लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी बदमाश नई उम्र के हैं। उस उम्र और हुलिये के कुछ पुराने अपराधियों को चिह्ंित किया जा रहा है। जल्द ही घटना को खोल दिया जाएगा।
विज्ञापन

- मुनीराज जी, एसएसपी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें