अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन चुनाव परिणाम शनिवार देर रात घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद का चुनाव प्रयागराज की आफरीन फातिमा ने जीत लिया है, जबकि उपाध्यक्ष पद पर अलीनगर कॉलोनी पटना (बिहार) की नाहिद व सचिव पद पर अलीगढ़ की मेमूना अंसारी चुन ली गई हैं। चुनाव मैदान में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित कैबिनेट सदस्य पद के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान थे। वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के चुनाव में 66 फीसदी मतदान हुआ।
सिदरा को हराकर आफरीन बनीं अध्यक्ष
अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहीं आफरीन फातिमा (बीए-3) ने सिदरा इशरत (बीएससी-3) को 98 वोट से हरा दिया। आफरीन को 726 वोट मिले हैं, जबकि सिदरा को 628 वोट मिले हैं। सिमरा कयाम (बीएससी-3) को सिर्फ 623 वोट मिले हैं।
नाहिद के सिर सजा उपाध्यक्ष का ताज
उपाध्यक्ष पद पर नाहिद असद (बीए-3) ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रुखसान (बीए-3) 645 वोट से करारी शिकस्त दी। नाहिद को 1311 व रुखसान को 666 वोट मिले हैं। इस पद पर दो ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे।
मेमूना ने बड़े अंतर से जीता सचिव पद
सचिव पद पर चुनाव लड़ रहीं मेमूना अंसारी (बीएससी-2) ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुमायरा आरिफ अंसारी (बीकॉम-3) को 698 वोट से हरा दिया। मेमूना को 1224 वोट मिले हैं, जबकि सुमायरा को 526 वोट मिले हैं। तीसरी प्रत्याशी जवेरिया बानो (बीए-3) को 201 वोट हासिल हुए।
कैबिनेट में होंगे आठ सदस्य
वीमेंस कॉलेज में आठ कैबिनेट सदस्य के लिए 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थीं। इनमें आफरीन (बीकॉम-3), आफरीन खान (बीए-1), नबा रहमान (बीएससी-2), सना हबीब (बीए-3), हाला मसरूर (बीएफए-3), अलवीना रहमान (बीएससी-2), साइमा शौकत (बीए-3), अलीना रब (बीए-2) को कामयाबी मिली है।
धीरे-धीरे बढ़ता रहा मतदान प्रतिशत
वीमेंस कॉलेज स्टूडेंट यूनियन के चुनाव में मतदान का प्रतिशत धीरे-धीरे बढ़ता रहा। सुबह नौ बजे मतदान शुरू हुआ। सुबह 11 बजे तक 30 प्रतिशत, दोपहर एक बजे 40 प्रतिशत, दोपहर तीन बजे 50 प्रतिशत मतदान हो चुका था। चुनाव में कुल 66 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान केंद्रों का एएमयू कुलपति प्रो. तारिक मंसूर, रजिस्ट्रार अब्दुल हामिद, वीमेंस कॉलेज प्रिंसिपल प्रो. नईमा गुलरेज, चुनाव अधिकारी प्रो. हिना परवेज ने जायजा लिया।
कॉलेज परिसर में जुटाती रहीं समर्थन
चुनाव लड़ रहीं प्रत्याशियों की समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मतदाताओं से समर्थन मांगती रहीं। मतदाताओं से समर्थकों ने यही कहा वोट, सपोर्ट और दुआ की जरूरत है। परिसर में प्रत्याशियों के पोस्टर लगे थे।
यूनियन का बजट सार्वजनिक कराएंगे: आफरीन
प्रयागराज (इलाहाबाद) के मोहल्ला करेली निवासी व्यवसायी जावेद अहमद की बेटी व नवनिर्वाचित अध्यक्ष आफरीन फातिमा ने कहा कि यूनियन को बजट को सार्वजनिक कराएंगी। वीमेंस कॉलेज के साथ सौतेला व्यवहार नहीं होने दिया जाएगा। अपने वादे पर खरा उतरूंगी। छात्राओं की समस्याओं को हल करने को लेकर हर वक्त उपलब्ध रहूंगी। कैंटीन, लाइब्रेरी सहित अन्य समस्याओं को लेकर लड़ाई लड़ूंगी। भले ही उन्हें धरने पर क्यों न बैठना पड़े।
दावे व वादे को पूरा करने में लगा दूंगी पूरी ताकत: नाहिद
अलीनगर कॉलोनी, पटना (बिहार) निवासी सिविल इंजीनियर असद हुसैन व निकहत जहां की बेटी व नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नाहिद असद ने कहा कि कॉलेज में ज्यादा से ज्यादा वर्कशॉप, सेमीनार कराने पर उनका पूरा जोर होगा। कंपटीशन व वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराया जाएगा। जो वादे-दावे चुनाव के दौरान छात्राओं से किए थे, उन सभी को पूरा करने में पूरी ताकत लगा दूंगी।
एएमयू के बजाय कॉलेज में देंगे धरना: मेमूना
महानगर सिविल लाइंस निवासी एएमयू के बॉटनी विभाग में लैब असिस्टेंट पद पर कार्यरत मोहम्मद असलम की बेटी व नवनिर्वाचित सचिव मेमूना अंसारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 24 घंटे वीमेंस कॉलेज की डिस्पेंसरी खुलवाने की होगी। वूमेन लीडरशिप पर जोर होगा। किसी भी घटना के विरोध में एएमयू के बजाय कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। मेमूना सहित तीन बहन व एक भाई है। उनकी मां मुनीबा असलम हैं।