एएमयू में शेषनाग झील को लेकर मार्च निकालते छात्र।
- फोटो : samvad
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित शेषनाग झील के किनारे भारी मशीनों से हो रही खुदाई और ट्रैकिंग मार्ग को मोटर मार्ग में तब्दील करने के विरोध में बुधवार को एएमयू छात्रसंघ ने मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने पर्यावरणीय नुकसान की आशंका जताते हुए प्राकृतिक धरोहर को बचाने की मांग की। यूनिवर्सिटी प्रशासन के जरिये जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल, मुख्यमंत्री से लेकर पर्यावरण मंत्रालय के लिए ज्ञापन सौंपा है।
शाम चार बजे से लाइब्रेरी कैंटीन से लेकर बाब-ए-सैयद तक मार्च निकला। छात्रों ने शेषनाग झील को बचाने के लिए नारे लगाए। छात्रसंघ के अध्यक्ष नोमान अशरफ ने कहा कि शेषनाग झील हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशील उच्च पर्वतीय झील है। जम्मू-कश्मीर सरकार की फोकस्ड ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड मॉनिटरिंग कमेटी (एफजीएमसी) ने इसे केंद्रशासित प्रदेश की 14 उच्च जोखिम वाली ग्लेशियल झीलों में शामिल किया है। ऐसे में झील के किनारे भारी मशीनों से खुदाई और पहाड़ी ढलानों में बदलाव गंभीर चिंता का विषय है। इससे मिट्टी और मलबा झील में पहुंचने, पहाड़ी ढलानों के अस्थिर होने और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) का खतरा बढ़ने की आशंका है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नशरा नईम, सचिव मोहम्मद हमदान आदि मौजूद रहे।