अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यलाय दूरस्थ शिक्षा केंद्र की छात्रा को उसी के दोस्त ने धमकी दी है। हालांकि छात्रा ने आरोप लगाया कि नुपुर शर्मा के समर्थन में स्टेटस लगाने के बाद उसे धमकी मिली। मगर इस आरोप में पुलिस को सच्चाई नजर नहीं आ रही है। पुलिस अन्य वजहों को लेकर जांच कर रही है। वहीं एएमयू ने भी मामले में सच्चाई जानने का प्रयास शुरू कर दिया है।
छात्रा बुधवार की दोपहर में सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के पास पहुंची और बताया कि उसने पिछले दिनों नुपुर शर्मा के समर्थन में एक स्टेटस अपने मोबाइल फोन पर लगाया। इसके बाद से ही उसके दोस्त उसे धमकी दे रहे हैं। तमंचा दिखाकर उसे डराया जाता है। इस पर सीओ ने तत्काल प्रॉक्टर से वार्ता की और मामले में थाना पुलिस को लेकर जांच शुरू कराई। जांच में नुपुर शर्मा से जुड़ा आरोप गलत पाया जा रहा है।
सीओ तृतीय के अनुसार छात्रा ने दो युवकों पर तमंचा लहराने का आरोप लगाया है। उन्हें अपना पूर्व परिचित दोस्त भी बताया है। मामले में सच्चाई जानने का प्रयास किया जा रहा है। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। तमंचा लहराने वालों को भी तलाशा जा रहा है। उन पर तमंचा लहराने में कार्रवाई होना तय है।