एएमयू छात्र फरहान जुबैरी जेल से रिहा होने पर दोस्तों ने माला पहनाकर किया स्वागत।
- फोटो : CITY OFFICE
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में 15 दिसंबर 2019 को सीएए को लेकर हुए बवाल में आरोपी छात्र फरहान जुबेरी को शुक्रवार की रात हाईकोर्ट के आदेश के बाद स्थानीय जिला जेल से रिहा कर दिया गया। फरहान जुबेरी की रिहाई पर एएमयू कैंपस में मिठाई बांटी गई और खुशियां जाहिर की गईं। एएमयू में मास्टर इन सोशल वर्क के छात्र फरहान जुबेरी के जेल से रिहा होने के बाद वह एएमयू जामा मस्जिद पहुंचे और उन्होंने सर सैयद की मजार पर चादर पोशी की। इसके साथ ही मस्जिद में नमाज पढ़कर खुदा का शुक्रिया अदा किया।
अमर उजाला से बातचीत में फरहान जुबेरी ने बताया कि जेल के अंदर जेल प्रशासन का व्यवहार उनके प्रति ठीकठाक ही था। बंदियों का रवैया भी उनके प्रति संतोषजनक था। जुबेरी ने कहा कि वे सभी को सम्मान देते थे। इसके बदले में बंदी और जेल प्रशासन भी उनके साथ सम्मानजनक तरीके से पेश आते थे।
उन्होंने कहा कि जेल के अंदर क्षमता से अधिक बंदियों की समस्या बनी हुई है और इस दिशा में सरकार को गंभीर रूप से प्रयास करने होंगे। जिस समय जेलों का निर्माण हुआ था, उस समय जनसंख्या और अपराध दोनों ही कम थे। जनसंख्या व अपराध बढ़े, लेकिन जेलों की क्षमता नहीं बढ़ी। महामारी के काल में सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में गंभीर प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि न्यायालय से उनको इंसाफ मिला है। इसके बाद लोगों का संवैधानिक संस्थाओं में विश्वास मजबूत होगा।