सर सैयद दिवस समारोह में कुलपति ले. जनरल (सेवानिवृत्त) जमीरउद्दीन शाह ने छात्रों से कहा कि एएमयू की संपत्ति पर यदि कोई काबिज है तो जाकर हमला कीजिए। कुलपति के इस बयान के बाद वहां बैठे शिक्षाविद् एवं छात्र सन्न रह गए और इधर-उधर देखने लगे। कार्यक्रम में यूजीसी के चेयरमैन प्रो. वेद प्रकाश भी मौजूद थे।
दरअसल कुलपति यूजीसी चेयरमैन से यूनिवर्सिटी की जमीन की रखवाली के लिए सुरक्षा अधिकारी रखने की अनुमति का आग्रह कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एएमयू की जमीन पर कब्जे की शिकायत अक्सर सामने आती है।
मैं किसी जांच से नहीं डरता, रिपोर्ट में सब सामने आ जाएगा :वीसी
कुलपति ने अपने विरोधियों पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि हमारे खिलाफ कई जांच चल रही हैं। मैने आज तक हराम का पैसा नहीं छुआ। जांच रिपोर्ट में सब सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत वे लोग कर रहे हैं, जिन्हें मेरे फैसले से नुकसान हो रहा है।
एएमयू छात्रों को आगाह किया कि आगामी समय में जल्द प्रदेश में विधान सभा चुनाव होने जा रहा है। राजनीतिक दल के लोग आपका इस्तेमाल करना चाहेंगे। आप उनका शिकार मत बनना। कैंपस में राजनीतिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि एएमयू के छात्र निडर बनें।
इसके लिए इल्म का होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भेदभाव कम पढ़े लिखे लोगों के साथ होता है। मेरे खिलाफ भेदभाव क्यों नहीं हुआ। क्या मेरे मुंह में चांदी की चम्मच थी। आप साबित करें कि हम किसी से कम नहीं हैं।