अब तक लगा है नगर निगम का बोर्ड
हॉर्स राइडिंग क्लब की जगह पर नगर निगम की दावेदारी का बोर्ड अब तक लगा हुआ है। इसे किसी ने नहीं हटाया है। यहां पर रोड़ी और अन्य भवन निर्माण सामग्री भी पड़ी हुई है। छात्रों ने इस बोर्ड को यहां से हटवाने की मांग की थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। नगर निगम पक्ष इस पर अपनी दावेदारी कर रहा है, वहीं एएमयू इंतजामिया इसको अपनी जमीन बता रहा है। छात्रसंघ के गठन के बाद से यह मुद्दा गरमा गया है।
शताब्दी द्वार से पांच मिनट की दूरी पर है 500 करोड़ की बेशकीमती जगह
हॉर्स राइडिंग क्लब की 41 बीघा जमीन वर्तमान में बेशकीमती है, जिसकी कीमत लगभग 500 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इतनी अधिक कीमत होने की सबसे बड़ी वजह इसकी लोकेशन है। एएमयू के शताब्दी द्वार के सामने से बेगम सुल्तान जहां हॉल ओवरब्रिज पार करते ही महज पांच मिनट की दूरी पर यह जगह मन्नत चौराहे के कोने पर स्थित है। इस तिकोने से पहला रास्ता शताब्दी द्वार तक आता है। दूसरा ओवरब्रिज के नीचे से फिरदौस नगर ए और बी की ओर जाता है।
तीसरा रास्ता बरौला जाफराबाद ओवरब्रिज होते हुए सारसौल चौराहे तक पहुंचता है। चौथा नगला पटवारी से अनूपशहर रोड की ओर आता है। नगर निगम यहां पर एक शॉपिंग मॉल बनवाना चाहता है, वहीं एएमयू इस पर हॉर्स राइडिंग क्लब की स्थापना करना चाहता है। वर्तमान में संचालित हॉर्स राइडिंग क्लब इस जगह से लगभग एक किमी दूर यूनानी चिकित्सा अनुसंधान केंद्र के परिसर में स्थित है। जहां वर्तमान में 17 घोड़े हैं, जो हर वर्ष मार्च में होने वाली प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन करते हैं।