मुस्लिम विश्वविद्यालय की स्कूल सहित स्नातक और अन्य पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाएं सितंबर और अक्तूबर महीने में संचालित हो सकती हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारी भी शुरू कर दी है।
इस बार नियम रहेगा कि मेरिट में 65 फ़ीसदी अंक हासिल करने वाले विद्यार्थी ही प्रवेश परीक्षाओं में शामिल हो सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन का मकसद इससे परीक्षार्थियों की भीड़ को कम करना है। एएमयू में जिन प्रवेश परीक्षाओं का आयोजन होना है उनमें कक्षा एक, कक्षा 6, कक्षा 9, कक्षा 11, डिप्लोमा इंजीनियरिंग, ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग, कॉमर्स, एमबीए, लॉ आदि अन्य पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा शामिल हैं।
विश्वविद्यालय से जुड़े वरिष्ठ लोगों से बातचीत के आधार पर अगर निष्कर्ष निकाला जाए तो विश्वविद्यालय प्रशासन कई बिंदुओं पर विचार कर रहा है। जिसमें पाठ्यक्रम को आधा कर देना, सन 2021 में गर्मियों की छुट्टियों को समाप्त कर देना, जैसे विकल्प भी शामिल हैं।
एएमयू जनसंपर्क विभाग के एमआईसी प्रोफेसर शाफे किदवई कहते हैं प्रवेश परीक्षाओं के संबंध में विचार किया जा रहा है, लेकिन अभी फिलहाल कोई तिथि निर्धारित नहीं है। प्रवेश परीक्षाओं के लिए आवेदन के लिए 28 अगस्त आखिरी तिथि थी। जल्द ही तारीखों की घोषणा की संभावना है।