अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के वूमेंस कॉलेज में स्टूडेंट यूनियन के चुनाव में 66 फ़ीसदी मतदान हुआ है। थोड़ी देर के बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। अध्यक्ष पद के लिए 3 उम्मीदवार आमने सामने हैं, जबकि उपाध्यक्ष पद पर दो प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर है। वहीं सचिव पद के लिए तीन प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
अध्यक्ष पद के लिए सिमरा कयाम, आफरीन फातिमा व सिदरा इशरत के बीच मुकाबला है। जबकि उपाध्यक्ष पद पर नाहिद असद और रुखसार के बीच टक्कर है। वहीं सचिव पद पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। सचिव पद पर मैमूना अंसारी, जवेरिया बानो और सुमेरा आरिफ चुनावी समर में हैं। कैबिनेट में 8 प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में 77 वें यूनियन (छात्र संघ) के लिए शनिवार सुबह 9 से 5 बजे के बीच 14 केंद्रों पर मतदान किया गया। करीब 22 हजार मतदाता अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, 10 कैबिनेट सदस्यों के अतिरिक्त 11 कोर्ट सदस्यों का चुनाव कर रहे हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. जहीरउद्दीन ने एसएसपी अजय कुमार साहनी से बातचीत कर सुरक्षा से संबंधित पहलुओं पर विचार किया। उन्होंने बताया कि चुंगी, शमशाद मार्केट चौराहा, एके तिब्बिया कॉलेज, वीमेंस कॉलेज, जकरिया मार्केट, फैज गेट, बाब-ए-सैयद एवं लॉ फैकल्टी में पुलिस-फोर्स तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शाम सात बजे से मतगणना एबीके गर्ल्स हाईस्कूल में शुरू की जाएगी।
देर रात तक सभी परिणाम आने की उम्मीद है। अध्यक्ष पद पर 5, उपाध्यक्ष पद पर 5 एवं सचिव पद पर 4 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। कैबिनेट के 10 सीट के विरुद्ध 28 छात्र नेता चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव से संबंधित तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। चुनाव के दौरान किसी एहतियात के तौर पर एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड वाहन भी तैनात किए जाएंगे। कोर्ट चुनाव के मतों की गणना डीन आफिस में की जाएगी।