शहर में फैल रहे डेंगू की चपेट में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय भी आ गया है। रविवार को एएमयू के जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के छात्र शाबिर हुसैन की डेंगू से मौत हो गई। साथी की मौत से छात्रों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया।
इस मामले में सिविल लाइंस थाने में जेएन मेडिकल कालेज के पांच डाक्टरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
देर शाम एएमयू प्रशासन ने एक जूनियर डॉक्टर एवं सिस्टर को निलंबित कर दिया। विश्वविद्यालय के लगभग डेढ़ दर्जन छात्र डेंगू से पीड़ित हैं, जिनका जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है
गाजीपुर निवासी बीटेक (मेकेनिकल इंजीनियरिंग) फाइनल ईयर का छात्र शाबिर हुसैन एएमयू के नदीम तरीन हॉल में रहता था।
शनिवार को डेंगू की शिकायत पर उसे वार्ड नंबर 11 में भर्ती कर लिया गया। रविवार सुबह उसकी मौत के बाद कैंपस का माहौल गरमा गया। सैकड़ाें की संख्या में छात्र मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। छात्र ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक एवं कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे। उनका कहना था कि अपने दोस्त के साथ शाबिर स्वयं उपचार के लिए पहुंचा था।