अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले जम्मू कश्मीर के छात्रों को कैंपस से बाहर जाने से परहेज करने का सुझाव दिया गया है। पुलवामा अटैक के बाद से नागरिकों में काफी आक्रोश है। इस अटैक में सीआरपीएफ के 40 से अधिक जवान शहीद हो गए थे।
देश भर में शहीदों के सम्मान कैंडल मार्च का आयोजन हो रहा है। ऐसे में एएमयू प्रशासन ने कश्मीर के छात्रों को कैंपस से बाहर नहीं निकलने का सुझाव दिया है। एएमयू पीआरओ आफिस के एमआईसी प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि डीएसडब्लू की तरफ से मौखिक एडवाइजरी जारी की गई है।
उल्लेखनीय है कि एएमयू में करीब 800 कश्मीर के छात्र पढ़ते हैं। पुलवामा अटैक के बाद एएमयू में पढ़ने वाले कश्मीर निवासी छात्र बासिम हिलाल की आपत्तिजनक ट्वीट के बाद यहां का माहौल भी गरम है। एएमयू प्रशासन द्वारा आरोपी छात्र को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में मुकदमा भी दर्ज है।