हाथरस में हसायन इलाके के गांव नगला कांच में शनिवार की रात मंदिर से राधा, कृष्ण, गणेश व लक्ष्मी की अष्टधातु की चार मूर्तियां चोरी हो गईं। घटना की जानकारी सुबह लोगों को हुई तो हड़कंप मच गया।
सूचना पर कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान व सीओ सिकंदराराऊ भी पहुंच गए। सीओ ने घटना की जांच-पड़ताल की। इसके बाद पहचान कराने के लिए मंदिर में रखी हुई दो अन्य शिलाओं को भी अपने साथ ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इस संबंध में अखिलेश चौधरी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उनके पूर्वजों ने चौधरी निवास में राधा रमण का मंदिर बनवाया था। इसमें राधा, कृष्ण, गणेश व लक्ष्मी की अष्टधातु की मूर्तियां थीं।
शनिवार की शाम को संध्या आरती के बाद इनको शयन करा दिया गया। सुबह अखिलेश की पत्नी रेखा चौधरी करीब पांच बजे मंदिर पहुंचीं तो देखा कि मंदिर के पट खुले थे।
अष्टधातु की चारों मूर्तियां गायब थीं। इसकी सूचना रेखा ने अपने पति को दी। इस संबंध में सीओ सिकंदराराऊ आशीष प्रताप सिंह का कहना है कि मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियों के चोरी होने की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज कर ली गई। छानबीन की जा रही है।
इधर, मंदिर से मूर्तियों के चोरी होने की जानकारी मिलने पर सपा के जिला महासचिव तेजवीर सिंह सिसौदिया व भाजपा नेता सुरेश आर्य, संजीव जाखेटिया, गौरव सिंह, मृगेंद्र सिंह, अमर सिंह, वीरेंद्र शर्मा ने भी मंदिर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सीओ से मूर्तियों की खोजबीन कराए जाने की मांग की।