जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में तीन सेमेस्टर में सर्वाधिक अंक लाने वाली अमीषा गुप्ता ने एक बार फिर से जिले में अपना नाम रोशन किया है। डीएलएड के चौथे सेमेस्टर में 94.31 अंक लाकर सभी 46 डीएलएड संस्थानों में अव्वल आते हुए जिला टॉप किया है।
प्रवक्ता मोनिका शर्मा ने बताया कि अमीषा गुप्ता लगातार तीन सेमेस्टर से जिला टॉपर बनी हुई हैं। दोनों वर्षों में जिले में अव्वल आकर उन्होंने संस्थान का नाम रोशन किया है। अमीषा ने सफलता का श्रेय डायट प्राचार्य, प्रवक्ता और अपने परिवार को दिया है। डायट प्राचार्य व उप शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्र प्रकाश सिंह सोलंकी ने बताया कि अमीषा गुप्ता मेधावी हैं। संस्थान में उन्होंने अपने ज्ञान की लौ हर समय फैलाई है। अमीषा को जल्द सम्मानित भी किया जाएगा। साथ ही जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान ने एक और इबारत लिखी है। चौथे सेमेस्टर में यहां के सभी 43 प्रशिक्षु ए ग्रेड से पास हुए हैं। संस्थान का शत प्रतिशत परीक्षा परिणाम आने पर उन्होंने डायट प्रवक्ताओं को भी शुभकामनाएं दी हैं।