अमर उजाला अलीगढ़ प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के खिलाड़ियों को लेकर आज (गुरुवार) आठ टीमें बनाई जाएंगी। आईपीएल की तर्ज पर आयोजित होने वाले इस क्रिकेट टूर्नामेंट में ट्रायल प्वाइंट के आधार पर बेहतरीन खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में भेजकर सभी टीमों को बैलेंस किया जाएगा।
गौरतलब हो कि हाल ही में आयोजित टूर्नामेंट के ट्रायल में अलीगढ़, हाथरस, एटा व कासगंज के 715 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इन खिलाड़ियों में से 92 बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी चयनित हुए हैं। इनमें 52 बेस्टमैन, 16 मीडियम पेशर बॉलर, 16 स्पिनर बॉलर व 8 विकेट कीपर हैं। चयन के समय सभी खिलाड़ियों को प्वाइंट दिए गए थे।
इन प्वाइंट के आधार पर आज टीमें तैयार की जाएंगी। किसी एक टीम में अधिक बेहतरीन खिलाड़ी न पहुंच जाए, इसके लिए सभी टीमों में बेहतरीन खिलाड़ियों का बराबर-बराबर चयनित किया जाएगा। जिससे टूर्नामेंट में आठों टीमें सभी को बराबर की टक्कर दें। इससे टूर्नामेंट और भी रोमांचक होगा। क्वार्सी चौराहा के निकट अनूपशहर रोड पर स्थित यश रेजीडेंसी में चयनित खिलाड़ियों से टीमें तैयार की जाएंगी।