सांकरा गंगाघाट पर आरती करतीं जिलाधिकारी। संवाद
- फोटो : GANGIRI
प्रदेश में काशी, प्रयागराज व बिठूर की तर्ज पर गंगा की सहायक 13 नदियों पर गंगा आरती करने के क्रम में रविवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे. के नेतृत्व में सांकरा गंगा घाट पर गंगा आरती का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान घंटे-घड़ियाल के साथ ही हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे।
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने कहा कि गंगा मोक्षदायिनी होने के साथ ही जीवनदायिनी भी है। नमामि गंगे परियोजना के तहत गंगा के प्रति आस्था पैदा करने, गंगा को स्वच्छ एवं अविरल बनाने के अभियान चलाया जा रहा है। इससे गंगा नदी के साथ ही उसकी सहायक नदियों को भी संजीवनी मिलेगी। उन्होंने कहा कि गंगा के संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता के लिए घाट व तट पर आरती एवं अन्य आयोजनों से आम जनमानस में स्वच्छता व आस्था का भाव पैदा होगा। प्रदेश सरकार का मानना है कि गंगा की सहायक नदियों को संरक्षित किए बिना गंगा की स्वच्छता संभव नहीं है। गंगा को स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ जिला गंगा समिति के तत्वावधान में प्रत्येक माह के प्रथम पूर्णमासी को गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में गंगा समिति के सदस्य एवं जिला विकास अधिकारी भारत कुमार मिश्रा, ग्राम प्रधान दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।