अलीगढ़ के थाना सासनी गेट क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर तांत्रिक बुलाकर पूजा-अनुष्ठान के बहाने नशीला पदार्थ पिलाकर ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि थाने में कई बार रिपोर्ट दर्ज कराने गई, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस पर रविवार को परिजनों ने भाजपाइयों के साथ थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।
मामले को लेकर भाजपाई रविवार को थाना सासनी गेट पहुंचे। उन्होंने कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया। पीड़िता के पिता ने घटना से आहत होकर खुद पर पेट्रोल उड़ेलने व आग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस ने रोक लिया। पति, ससुर, सास और ननद समेत चार ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भाजपाई वहां से हटे।
थाना सासनी गेट क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाले ट्रांसपोर्टर कारोबारी के अनुसार उन्होंने अपनी बेटी की शादी कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के वैभव के साथ 14 दिसंबर 2022 को की थी। आरोप है कि शादी में मिले दान-दहेज से ससुरालीजन संतुष्ट नहीं थे और बेटी का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न शुरू कर दिया। ट्रांसपोर्टर कारोबारी के बेटी के अनुसार करीब तीन वर्ष पहले संतान न होने पर ससुर ललित ने एक कथित तांत्रिक को घर बुलाकर पूजा-अनुष्ठान कराया।
ताबीज पहनाने के बाद उसे एक गिलास में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के समय पति वैभव, सास और ननद वर्षा भी घर में मौजूद थे। महिला ने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी पति को देने पर उन्होंने उसका साथ नहीं दिया। विरोध करने पर मारपीट और धमकियां भी दी गईं। चार बार उसका गर्भपात कराया गया। पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 20 दिन पहले ससुर ने दोबारा जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोप है कि थाना सासनी गेट पुलिस ने कई बार चक्कर काटने के बाद भी पीड़िता की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
मामले की जानकारी पाकर पूर्व मेयर व भाजपा नेता शकुंतला भारती, पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, अजय गुप्ता, सुबोध स्वीटी, संजय गोयल, यतेंद्र वाईके, स्वीटी आदि थाने पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। सीओ प्रथम संजीव शर्मा ने बताया कि पीड़िता की ओर से पति वैभव, ससुर ललित, सास और ननद वर्षा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।