विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 की तैयारियां जोरों पर हैं। साथ ही मतगणना की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने धनीपुर मंडी में होने वाली मतगणना के लिए नवीन मंडी स्थल की सभी दुकान, गोदाम, नीलामी चबूतरे व खाली स्थानों के अधिग्रहण की घोषणा कर दी है। मामले में मंडी सचिव ने डीईओ की ओर से सभी व्यापारियों को पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से व्यापारिक गतिविधियां बंद करने के आदेश जारी किए हैं। इन आदेशों से मंडी व्यापारियों में बेचैनी है। उन्हें लगभग दो माह तक व्यापारिक गतिविधियां ठप रहने से कारोबार पर असर की चिंता सताने लगी है।
विधानसभा चुनाव 2022 की मतगणना 10 मार्च को धनीपुर मंडी में होनी है। मंडी सचिव वीरेंद्र कुमार ने पत्र के माध्यम से व्यापारियों से कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम ने नवीन मंडी स्थल स्थित सभी दुकान, गोदाम, नीलामी चबूतरे व खाली स्थानों को विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को संपन्न कराने के लिए तत्काल प्रभाव से अधिग्रहीत कर लिया है। अत: संबंधित व्यापारी प्रथम चरण में फल मंडी स्थित ब श्रेणी की 28 दुकानें, स श्रेणी की 40 दुकानें, फल मंडी स्थित नीलामी चबूतरा, व्यापारी गोदाम संख्या 21 से 30 एवं खाद्यान्न मंडी की दुकान संख्या स 61 से 80 तक तथा नीलामी चबूतरा संख्या तीन एवं नवीन मंडी स्थल स्थित सभी रिक्त स्थानों एवं परिसंपत्तियों को तत्काल रिक्त कर दें। मंडी निरीक्षक हरी सिंह एवं हजारी लाल को सौंप दें। ताकि चुनाव की तैयारी समय से शुरू कराई जा सके। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि सातों विधानसभा क्षेत्र की मतपेटिकाओं के लिए एक-एक गोदाम को स्ट्रांग रूम की तरह इस्तेमाल किया जाएगा। ईवीएम एवं वीवी पैट मशीनें मंडी से ही रवाना होंगी और मतदान के बाद यही जमा कराई जाएंगी।