न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
रामघाट रोड पर शंकर विहार कॉलोनी के बाहर शुक्रवार रात डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया गया कि युवक बाइक पर बाजार से घर लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार डंपर ने सामने से बाइक सवार को चपेट में ले लिया।
रामघाट रोड पर शंकर विहार कॉलोनी निवासी स्वास्थ्य विभाग से सेवानिवृत्त चेनसुख वर्मा के तीन बच्चों में बड़ा विवेक (33) रेलवे स्टेशन के पास होटल चलाता था। विवाहित विवेक के एक वर्षीय बेटा भी है। वाकये के अनुसार, शुक्रवार देर रात विवेक किसी काम से बाइक पर क्वार्सी चौराहे तक गए थे।
वहां से लौटते में शंकर विहार कॉलोनी के बाहर अतरौली की ओर से आते डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी और विवेक की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, दुर्घटना के बाद विवेक को अस्पताल ले जाया गया, मगर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दौरान डंपर चालक भाग गया। खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। तमाम समर्थकों व परिचितों की भीड़ मौके पर लग गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। क्वार्सी इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में मुकदमा आदि की कार्रवाई की जा रही है।