तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से लोधा, खैर, हरदुआगंज, जवां, अतरौली, गभाना, जट्टारी, टप्पल एवं कोल के कई गांवों में गेहूं, सरसों की फसल खेतों में बिछ गई। अनाज मंडियों में भी खुले में पड़ा खाद्यान्न भीग गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व मीनू राणा का कहना है कि फसलों के नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। नुकसान का आकलन कर राहत दिलाई जाएगी।
बिजली के खंभे और तार टूटे, आपूर्ति ठप
अलीगढ़ शहर में अचानक तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि से अधिकांश बिजली घरों की आपूर्ति ठप हो गई। 33 केवी पड़ियावली, 132 केवी बौनेर, 33 केवी जयगंज, लालताल, रावणटीला, स्वर्णजयंती नगर, 33 केवी मथुरा रोड, डोरी नगर, आवास विकास, हरिओम नगर, औद्योगिक अस्थान, जनकपुरी, बरौला, मायापुरी, गंभीरपुरा, क्वार्सी बिजलीघरों से जुड़े फीडरों में फाल्ट हो गया। बिजली के खंभे और तार टूट गए। जिससे बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई।
टीकाराम डिग्री कॉलेज के बाहर लगा बिजली का खंभा गिर गया। बेगमबाग शोभानगर में पीपल का पेड़ व बिजली का खंभा टूट कर गिर गया। इससे कई इलाकों में अंधेरा छा गया। बारिश थमने पर विभाग की टीमें दौड़ती नजर आईं। मुख्य अभियंता सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि बिजली के खंभे व तार टूटकर गिरने व फाल्ट से आपूर्ति प्रभावित हुई है। मरम्मत कर आपूर्ति को सुचारू कर लिया गया है। कुछ फाल्ट सही कराए जा रहे हैं, जल्द ही आपूर्ति बहाल होगी।