अलीगढ़। महानगर के खटीकान में हुए बवाल के बाद खटीकान-सराय मियां के आधा किमी के हिस्से में माहौल ज्यों का त्यों बना हुआ है। बवाल में मारे गए युवक गौरव का परिवार शनिवार को भी धरने पर बैठा रहा। पूरे इलाके में पीएसी व आरआरएफ तैनात है और इलाके की दुकानें भी बंद हैं। मगर मुआवजे व मुख्यमंत्री से मुलाकात संबंधी मुद्दों पर आंदोलनरत परिवार ने नया ऐलान कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाएंगी, तब तक गौरव की अस्थियों का विसर्जन नहीं किया जाएगा। इधर, प्रशासन लगातार मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर प्रयासरत है।
गौरव के भाई राजेश खन्ना व मां विमला देवी आदि परिजनों ने कहा कि अब तक 23 नवंबर को मुलाकात की बात थी। मगर अब प्रशासन की ओर से संकेत मिल रहे हैं कि मुख्यमंत्री 22 को सपा मुखिया के जन्म दिवस में सैफई में होंगे। ऐसे में मुलाकात हो पाना संभव है या नहीं। अभी तक तय नहीं है। शायद मुख्यमंत्री 23 नवंबर को लखनऊ न पहुंचें। इसके चलते संकेत हैं कि अब मुलाकात के लिए नई तारीख मिलेगी। तभी मुख्यमंत्री से परिजनों की मुलाकात हो सकेगी। इसे लेकर परिवार का रुख कुछ आक्रोशित है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें बहलाया जा रहा है। मगर वह बहलने वाले नहीं हैं। इसलिए धरना तो जारी रहेगा ही, साथ ही मांगें पूरी होने तक गौरव की अस्थियों का भी विसर्जन नहीं किया जाएगा। इस संबंध में खुद राजेश खन्ना की अधिकारियों व सपा नेताओं से वार्ता जारी है और संकेत हैं कि 23 के बाद किसी भी तारीख पर मुलाकात की बात बन सकती है।