दो बार हॉकी विश्व कप खेल चुके व खेल निदेशालय उप्र के डायरेक्टर डॉ. आरपी सिंह को मेजर ध्यानचंद लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड नामित किए जाने के बाद एक बार फिर हॉकी के पूर्व खिलाड़ियों ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न अवार्ड देने की आवाज बुलंद की है। पूर्व हॉकी खिलाड़ियों व प्रशंसकों के अनुसार, दद्दा को भारत रत्न अवार्ड मिलना चाहिए। क्योंकि वह पिछले कई वर्षों से उस लम्हे का इंतजार कर रहे हैं, जब भारत सरकार दद्दा को भारत रत्न देने का एलान करेगी।
खिलाड़ियों के बोल
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को भारत रत्न अवार्ड मिलना चाहिए, क्योंकि वो इसके असल हकदार हैं, जिन्होंने भारत को तीन बार ओलंपिक में गोल्ड मेडल दिलाया। यह मेडल उस वक्त आया, जब आज जैसी सुविधाएं नहीं थीं।
-एसएम राशिद, पूर्व राष्ट्र स्तरीय हॉकी खिलाड़ी, कोच
विदेश की जमीन पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद ने भारतीय पताका फहराकर देश का नाम रोशन किया है। उनकी खेल शैली को देखकर जर्मनी का तानाशाह हिटलर से प्रभावित हो गया था। इसलिए दद्दा को भारत रत्न अवार्ड मिल जाना चाहिए।
-डॉ. अजय सिंह, प्रभारी क्रीड़ा विभाग डीएस कॉलेज